जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 18 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित द्वितीय ताइक्वांडो फेडरेशन कप नेशनल चैंपियनशिप 2025–26 एवं तीसरी किड्स चैंपियंस ऑफ चैंपियंस नेशनल चैंपियनशिप में अजमेर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 22 पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से हजारों खिलाड़ियों ने भाग लिया, लेकिन अजमेर के खिलाड़ियों ने अपने कौशल, अनुशासन और मेहनत के दम पर विशेष पहचान बनाई। फेडरेशन कप नेशनल चैंपियनशिप में अजमेर अकादमी के खिलाड़ियों ने कुल 6 स्वर्ण, 8 रजत एवं 8 कांस्य पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में दक्षिता कंवर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि भार्गवी सिंह ने कांस्य पदक जीतकर टीम का गौरव बढ़ाया। आश्वी एवं अद्विक सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं जिगिशा, हिमाक्षी एवं खुशविका ने रजत पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
किड्स चैंपियंस ऑफ चैंपियंस नेशनल चैंपियनशिप में भी अजमेर के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। केशव नायक ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। दिशानी ने एक रजत एवं एक कांस्य पदक प्राप्त किया। मनुश्री ने दो कांस्य पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। आशुतोष शर्मा ने रजत पदक अर्जित किया, जबकि हरतेघ सिंह बेदी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
इसी क्रम में अद्विक टुणवाल ने दो कांस्य पदक, अद्विक नाथावत ने एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक तथा आश्वी सक्सेना ने एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। फाल्गुनी ने दो रजत पदक अपने नाम कर टीम की पदक तालिका को और मजबूत किया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में आन्या, वृक्षांक, भाविका, ख्याति, अधृत, विदित, रवि, लावण्या, प्रथमेश, साहिल, यशवर्धन, शौर्य, वैभव एवं मोनल शामिल रहे, जिन्होंने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
पदक वितरण समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसानराव बागड़े ने खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अजमेर ताइक्वांडो एसोसिएशन के जिला सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक श्री मनोज सिंह परिहार ने कहा कि यह अब तक का अजमेर ताइक्वांडो का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय प्रदर्शन है। उन्होंने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय ट्रायल्स में भाग लेंगे, जिससे अजमेर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि निरंतर अभ्यास एवं समर्पण से अजमेर आने वाले समय में खेल जगत में और ऊंचाइयों को छुएगा।
– नितिन सिंह/ वीबीटी न्यूज
