नागौर जिले के आलनियावास कस्बे में शनिवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने ग्रामीणों को हिलाकर रख दिया। मुख्य बस स्टेशन के पीछे कालनी रोड स्थित कालूनाथ के बाड़े से अज्ञात चोर गेट का ताला तोड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली चुरा ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5 बजे कालूनाथ का बेटा मुन्ना खेत में तई निकालने के लिए ट्रैक्टर लेने बाड़े पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने देखा कि गेट का ताला टूटा हुआ है। जब वह अंदर गया तो ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिली। यह देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत परिजनों और आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही कंपनी से नया ट्रैक्टर खरीदा गया था और उसके साथ नई ट्रॉली भी बनवाई गई थी। ऐसे में यह चोरी पीड़ित परिवार के लिए बड़ा आर्थिक झटका साबित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस तरह दिनदहाड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होना बेहद चिंताजनक है।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी ब्रह्मदेव शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर थांवला पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने और चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामदगी की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
– नितिन सिंह
