जांजगीर-चांपा , 17 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। धरदेई क्षेत्र के एक गांव में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के बाहर नीम के पेड़ पर पति-पत्नी के शव लटके मिले। मृतकों की पहचान 48 वर्षीय कृष्णा और उनकी पत्नी 47 वर्षीय रमा बाई के रूप में हुई है। दोनों अपने इकलौते बेटे आदित्य पटेल की मौत का गम सहन नहीं कर सके और फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आदित्य पटेल (21) की वर्ष 2024 में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। आदित्य परिवार का इकलौता बेटा था और माता-पिता के जीवन का केंद्र था। बेटे की असमय मृत्यु के बाद से ही दंपति गहरे सदमे में थे। गांववालों के मुताबिक, आदित्य की मौत के बाद कृष्णा और रमा बाई कभी सामान्य नहीं दिखे। वे अक्सर खामोश रहते और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे।
पुलिस के अनुसार, दंपति ने रविवार देर रात साड़ी की गांठ से फंदा बनाकर नीम के पेड़ पर आत्महत्या कर ली। पेड़ के पास बनी दीवार के सहारे चढ़कर उन्होंने यह कदम उठाया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट और एक वीडियो संदेश भी बरामद किया गया है।
सुसाइड नोट में कृष्णा ने अपने बेटे के प्रति गहरा प्रेम और भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने लिखा कि आदित्य उनकी जिंदगी, उनकी नींव और पूरी दुनिया था। एक आज्ञाकारी बेटा ही नहीं, बल्कि उनका सबसे अच्छा दोस्त भी था। कृष्णा ने लिखा कि आदित्य की हंसी से घर गूंजता रहता था, लेकिन दुर्घटना के बाद घर में सन्नाटा पसर गया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जिस दिन हादसा हुआ, उस दिन आदित्य गांव के एक पुजारी के साथ मंदिर में यज्ञ में मदद करने गया था। आदित्य जाने में हिचक रहा था, लेकिन पिता ने यह कहकर भेजा कि यह भगवान का काम है।
अपने अंतिम शब्दों में कृष्णा ने लिखा कि एक साल के असहनीय दर्द ने उनके भीतर सब कुछ बदल दिया। पीड़ा कम नहीं हुई, बल्कि और गहरी होती गई। उन्होंने लिखा कि अब उनका मन शांत है और वे स्वयं को भगवान में समर्पित कर रहे हैं। वीडियो संदेश में भी दोनों ने शांत स्वर में अपने वकील से अनुरोध किया कि बेटे के हादसे के बाद मिली मुआवजे की राशि उनके बड़े भाइयों कुलभरा और जलबहरा पटेल को दे दी जाए।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। लोगों का कहना है कि बेटे की मौत ने इस परिवार को भीतर से तोड़ दिया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-नितिन सिंह
