जयपुर, 23 मार्च 2026। नवरात्र के पावन अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को धार्मिक स्थलों की यात्रा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने जोबनेर स्थित ज्वाला माता मंदिर, सांभर के शक्तिपीठ शाकम्भरी माता मंदिर और दहमीकलां स्थित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री श्री शर्मा सबसे पहले जोबनेर पहुंचे, जहां उन्होंने ज्वाला माता के दरबार में शीश नवाया और विधिवत पूजा की। मंदिर के पुजारियों ने उन्हें आशीर्वाद स्वरूप माता की चुनरी ओढ़ाई, वहीं मंदिर ट्रस्ट द्वारा साफा पहनाकर और माता की तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नौ देवी के स्वरूप में सजी कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री का विभिन्न स्थानों पर आमजन और किसानों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। झोटवाड़ा और हाथोज में स्थानीय लोगों व विधायक श्री बालमुकुन्दाचार्य ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया। धानक्या मोड़ पर किसानों ने उन्हें गेहूं की बालियां भेंट कीं, वहीं कालवाड़ में आमजन ने राम जल सेतु लिंक परियोजना के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने बस्सी नागा स्थित बजरंग गोशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गौ सेवा का संदेश दिया। इसके साथ ही जोबनेर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में श्री कर्ण नरेन्द्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। यहां छात्राओं ने मुख्यमंत्री से संवाद कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। जोबनेर में लोगों ने पारंपरिक रूप से तलवार भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद फुलेरा में आमजन ने गदा भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने फुलेरा सर्किल पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की। रिणगी, बिचून और मोखमपुरा गांवों में भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।
आगे मुख्यमंत्री सांभर स्थित शक्तिपीठ शाकम्भरी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और हवन में आहुति दी। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से भी उन्होंने संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जयपुर लौटते समय मुख्यमंत्री ने दहमीकलां स्थित श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर में भी दर्शन किए, जहां पुजारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस धार्मिक यात्रा के दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए नवरात्र के इस पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं।
