डेगाना विधायक अजय सिंह किलक द्वारा कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। विधायक किलक ने राज्य बजट में प्रदेश एवं जिले को दी गई सौगातों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।
उन्होंने बताया कि बजट 2026-27 राजस्थान के समग्र एवं सतत विकास को सुनिश्चित करेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत@2047 के विजन को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट 8 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रति हमारे कर्तव्यों का दस्तावेज है। बजट 2026-27 महिला, युवा, मजदूर, वंचित, किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि बजट में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण, बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुविधाओं और सेवाओं के प्रावधान किए गए हैं। जिससे राजस्थान विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट का आकार 6 लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये है, जो वर्ष 2023-24 के बजट की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। बजट 2026-27 अवसंरचना का विस्तार, नागरिक सुविधाओं से गुणवत्तायुक्त जीवन स्तर में वृद्धि, औद्योगिक विकास एवं निवेश को प्रोत्साहन, मानव संसाधन का सशक्तीकरण, सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा प्रणाली, पर्यटन, कला एवं सांस्कृतिक धरोहर, सुशासन एवं डिजिटल परिवर्तन, कृषि विकास एवं किसानों का कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी, हरित विकास एवं पर्यावरणीय सततता और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के मजबूत स्तम्भों पर आधारित है।
बजट के अनुसार राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये होना संभावित है, जो 2023-24 से लगभग 41 प्रतिशत अधिक है। इसी के साथ ही प्रतिव्यक्ति आय पहली बार 2 लाख 2 हजार से अधिक होना संभावित है, जो 2023-24 से 21.15 प्रतिशत अधिक है। इस बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के लिए पूंजीगत व्यय 53 हजार 978 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो 2023-24 से 2 गुना से अधिक है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत राज्य बजट 2026-27 में वित्त मंत्री द्वारा जिले के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए गत बजट में भी जिले के लिए कई जनहितकारी घोषणाएं की गई थी। इस बार: प्रदेश के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए आरओबी/आरयूबी आदि के निर्माण तथा मिसिंग लिंक सड़क निर्माण की घोषणाएं की है इससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी एवं आवगमन में सुगमता आएगी।
उन्होंने कहा कि आमजन को भय रहित सुरक्षित वातावरण मिल सके, इसके लिए तरनाऊ पुलिस चौकी को थाना में क्रमोन्नत व सांजू में नवीन पुलिस चौकी की स्थापना की जाएगी।
वहीं प्रदेश के कारागृहों के विस्तार एवं आधारभूत संरचना निर्माण के साथ-साथ कारागृहों में निरूद्ध बंदियों के जीवन स्तर में सुधार लाने हेतु विभिन्न कार्य करवाये जाने की घोषणा के अन्तर्गत कारागृहों में बंदियों को अपनी दैनिक उपयोग की वस्तुओं को रखने के लिए नागौर जिला कारागृह में लॉकर्स का निर्माण करवाया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी घोषणाओं को राज्य सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार पूर्ण किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया, जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर, पूर्व जिला अध्यक्ष रामनिवास सांखला, जिला उपाध्यक्ष रमेश अपूर्वा, डॉ. हापूराम चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
नितिन सिंह
