डी.डी. चारण / मेड़ता सिटी
डिजिटल युग में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए डोडियाना स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव एवं कानूनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में अधिकार मित्र (पैरा लीगल वॉलेंटियर) जुगल सिंह सोलंकी ने छात्राओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, यूपीआई फ्रॉड, गेमिंग ऐप के माध्यम से ठगी तथा फर्जी लिंक भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। कई लोग अनजाने में अपनी निजी जानकारी साझा कर आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।
जुगल सिंह सोलंकी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम नंबर या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक और समझदारी से करें। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धोखाधड़ी की गई राशि को रोका जा सके।
शिविर में डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों जैसे मजबूत पासवर्ड का उपयोग, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाना, संदिग्ध लिंक से दूरी बनाए रखना और अज्ञात ऐप डाउनलोड न करना आदि पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने सवाल पूछे और साइबर सुरक्षा से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक प्रदीप शर्मा सहित श्रीमती किरण बारहट, अंजू चौधरी, प्रेमलता आत्रेय, शोभा देवी, अनुराधा, संतोष चौधरी, पलक लटियाल सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम ने छात्राओं में डिजिटल जागरूकता और आत्मविश्वास को नई दिशा प्रदान की।
-नितिन सिंह
