संवाददाता | डी. डी. चारण
मेड़ता सिटी | किरण क्रांति फाउंडेशन के तत्वावधान में बुधवार को मेड़ता सिटी स्थित सखी सेंटर में घुमंतू जाति की जरूरतमंद महिलाओं के लिए परिवार नियोजन के अंतर्गत नसबंदी ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन समाज के उस वर्ग के लिए किया गया, जो वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता के अभाव में जनसंख्या वृद्धि की गंभीर समस्या से जूझ रहा है।
संस्थान की निदेशक एवं कार्यक्रम आयोजक डॉ. किरण देवल ने जानकारी देते हुए बताया कि घुमंतू समुदाय के कई परिवारों में आज भी 10 से 15 बच्चों के बावजूद किसी प्रकार का परिवार नियोजन नहीं अपनाया जाता, जिससे महिलाएं और पूरा परिवार गरीबी, भुखमरी और असुरक्षित जीवन जीने को मजबूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि भारत में बढ़ती जनसंख्या, गरीबी और बेरोजगारी जैसी समस्याओं पर नियंत्रण के लिए शिक्षा और जागरूकता सबसे अहम हथियार हैं।
डॉ. देवल ने बताया कि किरण क्रांति फाउंडेशन पिछले तीन वर्षों से झुग्गी-झोपड़ियों और घुमंतू बस्तियों में निरंतर कार्य कर रहा है। इसी निरंतर सेवा और विश्वास का परिणाम है कि आज 500 से अधिक परिवार संस्था पर अटूट भरोसा और स्नेह रखते हैं। संस्था द्वारा समझाइश और जागरूकता के बाद महिलाओं ने स्वेच्छा से नसबंदी ऑपरेशन के लिए सहमति प्रदान की।
उन्होंने आगे बताया कि आगामी एक माह में 100 से अधिक महिलाओं का नसबंदी ऑपरेशन राजस्थान सरकार द्वारा संचालित सखी क्लिनिक के माध्यम से करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही आने वाले समय में इस मुहिम को और अधिक विस्तार देते हुए जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाएं परिवार नियोजन से जुड़ सकें।
डॉ. किरण देवल ने कहा कि देश के विकास में सबसे बड़ी बाधा अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि है, जिसे रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर आगे आना होगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे जागरूक बनें और सुरक्षित भविष्य के लिए परिवार नियोजन को अपनाएं।
इस अवसर पर सखी सेंटर की स्टाफ नर्स एवं महिला स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहीं, जिन्होंने महिलाओं को चिकित्सा परामर्श एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम को लेकर महिलाओं में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
नितिन सिंह/वीबीटी न्यूज/18 दिसंबर 2025
