संवाददाता/नितिन सिंह
मेड़ता सिटी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत मीरा नगरी की बजरंग बस्ती में आयोजित हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम के तहत शनिवार को मेड़ता सिटी में भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। यह रैली संत रमणदास महाराज रामधाम देवल के पावन सानिध्य में भारत माता की आकर्षक झांकी के साथ राम मंदिर से रवाना हुई।
वाहन रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई परशुराम वाटिका पहुंची, जहां हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के साथ इसका समापन किया गया। रैली के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। भगवा ध्वज, देशभक्ति नारों और धार्मिक जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
आयोजकों ने बताया कि आगामी 26 जनवरी, सोमवार को विराट हिंदू सम्मेलन महासभा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राम मंदिर से कलश यात्रा के साथ प्रारंभ होगा, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए परशुराम वाटिका पहुंचेगी। यहां संत रमणदास महाराज रामधाम देवल मेड़ता तथा परम संत रामदास महाराज देवरा नाड़ी मेड़ता सिटी के सानिध्य में भव्य धर्मसभा का आयोजन होगा।
वाहन रैली में आयोजन समिति के संयोजक नौरत सथाना, सहसंयोजक ओमप्रकाश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, किसनाराम, श्रवणपुरी लिलिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुक्तिलाल नागौरा, मंडल महामंत्री संतोष शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सोनी, पार्षद ओमप्रकाश गहलोत, राजेंद्र सोनी, महेंद्र पुरी ढेकेदार, भारत चावला, विष्णु माली, दीपक जोशी, मुन्नालाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं धर्मप्रेमी शामिल हुए।
रैली के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से 26 जनवरी को आयोजित महासभा में भाग लेने की अपील की है।
न्यूज डेस्क/ नितिन सिंह
