मेड़ता सिटी | नितिन सिंह
मेड़ता सिटी के समीपवर्ती ग्राम बेडास खुर्द में रविवार को एक प्रेरणादायक और आध्यात्मिक माहौल के बीच संत समागम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर गांव के 103 वर्षीय व्ययोवृद्ध जयराम गढ़वाल का जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित संतों ने उपस्थित होकर गढ़वाल को आशीर्वाद दिया और उनके निरोग एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
समारोह में रामस्नेही खेजड़ा धाम के महंत संत पांचाराम महाराज, किशनदेव जी छतरी दादू आश्रम के महंत संत हरिनारायण महाराज, लच्छी राम महाराज लाम्बा, रामप्रसाद महाराज चुई, सुखदेव महाराज कुचेरा तथा सीताराम महाराज बासनी सेजा सहित कई संतों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। सभी संतों ने जयराम गढ़वाल को 103वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान संत पांचाराम महाराज ने सत्संग प्रवचन देते हुए कहा कि यह अत्यंत सौभाग्य की बात है कि कोई व्यक्ति 100 वर्ष से अधिक आयु प्राप्त कर भी स्वस्थ जीवन जी रहा है और समाज में प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे पुण्य फल पूर्व जन्मों के सत्कर्मों और भगवान के नाम स्मरण से ही संभव होते हैं। उन्होंने सभी लोगों को जीवन में समय निकालकर भजन और सत्संग करने की प्रेरणा दी।
जयराम गढ़वाल की जीवनशैली आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। 103 वर्ष की आयु में भी वे साइकिल चलाने का शौक रखते हैं और रोजाना बिना चश्मे के अखबार पढ़ते हैं। उनकी सक्रियता और स्वास्थ्य को देखकर हर कोई आश्चर्यचकित रह जाता है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामचंद्र जारोड़ा, सरपंच अशोक झूरिया कलरू, रामेश्वर छाबा, रामाकिशन झींझा, भिकाराम अजनबी, पांचाराम डीया, हरिराम मातवा, शिवराज भाटी, लक्ष्मण कस्वां, सोहनलाल विश्नोई, रामनिवास कमेडिया, हरिराम गढ़वाल, हरदिनराम गढ़वाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर जयराम गढ़वाल के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की। यह आयोजन न केवल एक जन्मदिन समारोह था, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और आध्यात्मिकता का संदेश देने वाला एक प्रेरणादायक उदाहरण भी था ।
