जसनगर | 17 जनवरी | राजाराम पटेल
जसनगर कस्बे में आगामी विराट हिंदू सम्मेलन के आयोजन को लेकर शनिवार को विशाल भगवा वाहन रैली निकाली गई। रैली में हजारों की संख्या में सनातन धर्म प्रेमी शामिल हुए, जिससे पूरा कस्बा धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया। करीब दो किलोमीटर लंबी इस रैली ने जसनगर की सड़कों को भगवामय कर दिया।

वाहन रैली के प्रस्थान से पूर्व विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति की ओर से सभी वाहन चालकों एवं रैली में शामिल श्रद्धालुओं के ललाट पर अक्षत व कुमकुम से तिलक लगाया गया। इसके बाद लूणी नदी किनारे स्थित श्री शनि धाम मंदिर से रैली का शुभारंभ हुआ। कस्बे के गली-मोहल्लों में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया, वहीं जेसीबी मशीन के माध्यम से भी पुष्पवर्षा की गई।
रैली में डीजे, ढोल और नगाड़ों की गूंज के बीच रामभक्तों की परंपरागत वेशभूषा मुख्य आकर्षण रही। पुरुष केसरिया साफे के साथ कुर्ता-पायजामा पहने नजर आए, वहीं मातृशक्ति केसरिया साड़ियों में और बाल वाहिनी के सदस्य भी केसरिया साफा धारण कर रैली में शामिल हुए। हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु “जय श्रीराम” के जयकारे लगाते चल रहे थे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रैली के आगे-आगे पुलिस बल तैनात रहा, वहीं दो ड्रोन कैमरों से पूरे आयोजन की निगरानी की गई। सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहे। रैली में मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, फोर व्हीलर, खुली जिप्सी सहित करीब 520 से अधिक वाहन शामिल हुए।
वाहन रैली श्री शनि धाम मंदिर से शुरू होकर श्री देवनारायण मंदिर, श्रीतेजा चौक, बस स्टैंड, बालाजी नगर, शिवाजी बाजार, विभिन्न मंदिरों और प्रमुख मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खाडीयो के जाव में संपन्न हुई।
विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के संयोजक कैलाश चंद सोनी भामा, संरक्षक नाथूलाल शर्मा एवं सह-संयोजकों ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य सनातन धर्म से जुड़े सभी वर्गों को एकता के सूत्र में बांधना है। सनातन धर्मोत्सव परिवार की स्थापना इसी सोच के साथ की गई है, ताकि सभी धार्मिक आयोजनों को सामूहिक रूप से और अधिक उत्साह के साथ मनाया जा सके।
नितिन सिंह/ वीबीटी न्यूज
