जसनगर कस्बे के निकटवर्ती गांव कुड़की में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की ओर से पंचायत राज चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक कुड़की स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को आयोजित हुई, जिसमें आरएलपी के प्रदेश प्रभारी दिलीप चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत भगवान नीलकंठ महादेव के दर्शन एवं आशीर्वाद के साथ की गई। इस अवसर पर दिलीप चौधरी ने कहा कि आरएलपी आगामी पंचायत राज चुनावों में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और राजस्थान में तीसरी राजनीतिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश प्रभारी के निजी सचिव राजतिलक बाना जसवंताबाद ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में भारी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण काफिले के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। बैठक के दौरान 36 कौम के सैकड़ों ग्रामीणों ने कांग्रेस और भाजपा छोड़कर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे संगठन को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर आरएलपी ने पूरी तैयारी कर ली है और अब गांव-गांव तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समाज के लोगों द्वारा भी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर सदस्यता ली गई, जो संगठन के लिए सकारात्मक संकेत है।
बैठक में कुड़की ग्राम सरपंच हरदेवराम गुर्जर, जिलाध्यक्ष माधुराम कुड़ियां, राजतिलक बाना, औगाड़राम खोजा, गुलाब काठात, जगदेव सागर, शेरू छाबा, दयाल काकू, शिवकरण खदाव, उगमाराम डोडवाडिया, गोपाल हिन्दुस्तानी, रिछपाल सिंह राठौड़, राकेश डगेर, साबूदीन जैतारण, छोटूराम खिलेरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पंचायत चुनाव में पार्टी को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
