संवाददाता | डी.डी. चारण / मेड़ता सिटी :
मेड़ता सिटी क्षेत्र में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षा संगठनों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र में संस्कृत शिक्षा के विस्तार और संरक्षण के लिए मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू के प्रयासों की सराहना करते हुए राजस्थान संस्कृत शिक्षा विभागीय शिक्षक संघ सहित विभिन्न संगठनों ने उनका आभार व्यक्त किया है।
संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार पारीक, जिला संयोजक शिवराज बिश्नोई एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से विधायक कलरू को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि उनके विशेष प्रयासों से मेड़ता विधानसभा क्षेत्र के कात्यासनी और गोटन में दो नए उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालयों की स्वीकृति मिली है। इन विद्यालयों के खुलने से क्षेत्र में संस्कृत शिक्षा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
डॉ. महेंद्र पारीक ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे समय से इन क्षेत्रों में संस्कृत शिक्षा का अभाव था, जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्राचीन भाषा और संस्कृति से जुड़ने का अवसर नहीं मिल पा रहा था। अब इन विद्यालयों के शुरू होने से न केवल छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन को भी बल मिलेगा।
शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने इस दौरान विधायक से आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार सकारात्मक पहल जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने मेड़ता सिटी स्थित संस्कृत विद्यालय को वरिष्ठ उपाध्याय स्तर तक क्रमोन्नत करने की मांग भी रखी, ताकि उच्च स्तर की शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके। साथ ही, ऐसे कई क्षेत्रों का भी उल्लेख किया गया जहां अभी तक संस्कृत विद्यालय नहीं हैं, वहां नए विद्यालय खोलने की आवश्यकता बताई गई।
इस अवसर पर दिनेश शर्मा, उमाशंकर व्यास, योगेश शर्मा, चैनदास वैष्णव, निरमा बिश्नोई, प्रमोद कुमार, सुनील कुमारी सहित कई शिक्षक एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि इसी तरह जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलता रहा, तो संस्कृत शिक्षा का विस्तार और भी तेजी से संभव होगा।
संस्कृत शिक्षा को भारतीय संस्कृति और परंपरा की मूल धारा बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान है। ऐसे में इसके संरक्षण और प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे।
