मेड़ता सिटी | संवाददाता| डीडी चारण
दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में 4 मार्च को खटीक समाज के युवक तरुण बाटोलिया की हत्या के विरोध में गुरुवार को मेड़ता शहर में प्रगतिशील खटीक समाज के लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। समाज के लोगों ने एकजुट होकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उपखंड अधिकारी मेड़ता के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के उत्तम नगर स्थित जे.जे. कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय तरुण बाटोलिया की 4 मार्च को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे खटीक समाज में भारी आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। इसी को लेकर प्रगतिशील खटीक समाज मेड़ता के बैनर तले समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए न्याय की मांग उठाई।
प्रगतिशील खटीक समाज मेड़ता के अध्यक्ष गुलाब चन्द तोसावड़ा के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मुक्तिलाल नागौरा ने बताया कि यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। समाज के एक युवक की निर्मम हत्या से पूरे समाज में भय और रोष का माहौल है। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि इस संवेदनशील मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाई जाए ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। साथ ही फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। समाज के लोगों ने सरकार से यह भी मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा प्रदान की जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि परिवार को सहारा मिल सके।
इसके अलावा समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपियों की अवैध संपत्ति को बुलडोजर से ध्वस्त करने की मांग भी उठाई। खटीक समाज के लोगों ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई ही अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा कर सकती है। उन्होंने सरकार से दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग और सर्व समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रगतिशील खटीक समाज के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश चंदेल, महासचिव भैरूलाल खेतानी, कोषाध्यक्ष रामनिवास पहाड़िया, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मुक्तिलाल नागौरा, एडवोकेट तुलसीराम चौहान, एडवोकेट अजय कुमार, बंशीलाल पहाड़िया, हनुमान दायमा, चंद्रप्रकाश चंदेल, पंकज तोसावड़ा, महेंद्र चावला, कमल चावला, मुकेश पहाड़िया, खेमराज चावला, लक्ष्मण चावला, दीपक पहाड़िया, जगदीश सोलंकी, रवि नागौरा, पांचाराम सहित समाज के कई लोग उपस्थित रहे।
समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक समाज की ओर से इस मुद्दे को उठाया जाता रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग जारी रहेगी।
