संवाददाता | डी.डी. चारण | मेड़ता सिटी
मेड़ता सिटी के किसान छात्रावास के पास स्थित निर्माणाधीन श्याम मंदिर प्रांगण में शनिवार रात भक्ति और उत्साह का अनुपम संगम देखने को मिला। फाल्गुन माह के पावन अवसर पर “फागण के रसिया बाबा श्याम” फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी देर रात तक भजनों की सरिता में डूबे नजर आए।
इस विशाल फाग महोत्सव का आयोजन श्री श्याम मित्र मंडल, मेड़ता सिटी परिवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान के रूप में मेड़ता किन्नर समाज की गादीपति राजकुमारी किन्नर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश दिया।
भजन संध्या में श्याम जगत के ख्यातिप्राप्त भजन प्रवक्ता गिरिराज शरण महाराज (जयपुर) ने बाबा श्याम के भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा पंडाल भक्तिरस में झूम उठा। वहीं अजमेर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका ज्योति सैनी ने मीरा बाई और श्याम बाबा के फागुन गीतों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन गायक ललित लहरिया ने फागुन और देशभक्ति गीतों से समां बांधते हुए माहौल को और भी भावविभोर कर दिया। रातभर चले इस महोत्सव में फूलों और गुलाल के साथ भक्तों ने आनंदपूर्वक होली का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरू ने कहा कि राजकुमारी बाई के नेतृत्व में मारवाड़ क्षेत्र में सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों का सतत आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता और एकजुटता को बल मिलता है।
इस अवसर पर राजकुमारी बाई ने कहा, “संपूर्ण समाज अपना है। हमें भेदभाव मिटाकर एक मंच पर आना चाहिए और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रमों में भागीदारी निभानी चाहिए। यदि मन में कुछ करने का जुनून हो तो कोई भी मुश्किल बाधा नहीं बन सकती। निरंतर गति से आगे बढ़ते रहना ही सफलता की कुंजी है।”
आयोजन समिति के राहुल बोराना ने बताया कि फाग महोत्सव में आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्याम मित्र मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष मानक चंद दरक ने सभी कलाकारों, अतिथियों और श्याम भक्तों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण अन्नू बिग बी द्वारा जन-जन तक पहुंचाया गया। अंत में इत्र और फूलों की होली के साथ भजन संध्या का भव्य समापन हुआ ।
