रियांबड़ी,नागौर, नितिन सिंह की रिपोर्ट
थांवला/गणतंत्र दिवस से ठीक एक दिन पहले हरसौर सरहद में सामने आए अवैध विस्फोटक भंडारण मामले ने राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। करीब 10 हजार किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी के आरोपी सुलेमान खान की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे अजमेर स्थित राजकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया है। आरोपी की हालत बिगड़ने के बाद भी मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए, गृह मंत्रालय की स्पेशल टीम, और खुफिया एजेंसियों ने नागौर एवं अजमेर में डेरा डाल दिया है। आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे दोबारा गहन पूछताछ की जाएगी। फार्म हाउस पर बने मकान पर आरएसी के जवान तैनात किए गए है।

स्वस्थ होने के बाद वापस पूछताछ करेगी केंद्रीय जांच एजेंसिया-आरोपी सुलेमान फिलहाल अजमेर के जेएलएन चिकित्सालय में भर्ती है। स्वस्थ होने के बाद केंद्रीय एजेंसियां एक बार फिर सुलेमान से पूछताछ करेगी। इतनी बड़ी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट का अवैध भंडारण राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है।
क्या है अमोनियम नाइट्रेट-
अमोनियम नाइट्रेट एक अत्यंत उपयोगी सफेद क्रिस्टलीय रसायन है, जिसका खनन एवं निर्माण में विस्फोटकों के लिए किया जाता है। डेटोनेटर छोटे, नियंत्रित विस्फोट से मुख्य विस्फोटक को ट्रिगर करता है, जबकि फ्यूज वायर (सुरक्षा या डेटोनेटिंग फ्यूज) विस्फोट के स्थान तक आग या शॉकवेव को पहुंचाकर देरी या तत्काल धमाका सुनिश्चित करता है। पुलिस अभी इसका पता लगा रही है कि सुलेमान ने इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक का भण्डारण आखिर किया कैसे।
सवाल जो मांगते है जवाब-
1. सुलेमान का नेटवर्क कितने जिलों में फैला था?
2. सुलेमान ने इस काले कारोबार से अब तक कितनी सम्पत्ति अर्जित की है?
3. उसने किन-किन लोगों को विस्फोटक बेचा है?
4. सुलेमान को रॉ मेटेरियल कौन उपलब्ध करवा रहा था?
5. अवैध विस्फोटक रखने का कारोबार अभी तक किसके संरक्षण में चल रहा था?
यह है मामला-
अवैध विस्फोटक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध मुखबिर की सूचना पर डीएसटी टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने ग्राम थाटा के नजदीक सरहद हरसौर पर स्थित एक खेत में बने मकान से करीब 10 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया गया।
मामले में आरोपी सुलेमान खां को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को नागौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे 4 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक
मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपी ने अपने खेत में बने मकान में विस्फोटक छुपा कर रखा था। मकान से अवैध विस्फोटक सामग्री की 187 कट्टों में अमोनियम नाइट्रेट करीब 9550 किलोग्राम, 9 कार्टन डेटोनेटर, 12 कार्टन व 15 बंडल नीली बत्ती वायर, 12 कार्टन व 5 बंडल लाल बत्ती वायर, 5 कार्टन व एक नग बड़े गुल्ले, 25 कार्टन छोटे गुल्ले, 10 कार्टन व 1 कट्टा डुडेट, 1 लकड़ी का कार्टन व 6 पैकेट एपी एसएमडी विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी तीन प्रकरण दर्ज हैं। मामले में जिला स्पेशल टीम नागौर एवं थाना थांवला पुलिस टीम ने शानदार कार्रवाई की। पुलिस ने बीएनएस की धारा 5/9 बी विस्फोटक अधिनियम 1884, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 व 112 (2), 288 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थानाधिकारी अशोक कुमार झाझड़िया कर रहे है।
नितिन सिंह/वीबीटी न्यूज
