नागौर | 11 मार्च, 2026 मेड़ता उपखण्ड के गोटन क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संभागीय आयुक्त व जिला प्रभारी सचिव श्री शक्ति सिंह राठौड़ मंगलवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने गोटन ग्राम पंचायत का दौरा कर परीक्षा केंद्रों, जलदाय विभाग के पंप हाउस और आंगनबाड़ी केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा की गोपनीयता और व्यवस्थाओं पर जोर
श्री राठौड़ ने सबसे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का रुख किया। वर्तमान में चल रही परीक्षाओं के मद्देनजर उन्होंने परीक्षा केंद्रों का बारीकी से अवलोकन किया।
सख्त निर्देश: उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की गोपनीयता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता न हो।
नियमों की पालना: प्रश्न पत्रों के रख-रखाव से लेकर परीक्षा कक्ष की व्यवस्था तक, सरकार द्वारा जारी निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने को कहा गया।
पेयजल संकट से निपटने के लिए ‘समर प्लान’ तैयार करने के निर्देश
बढ़ती गर्मी और संभावित पेयजल किल्लत को देखते हुए जिला प्रभारी सचिव ने जलदाय विभाग (PHED) के पंप हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए:
समर कंटिन्जेसी कार्य: गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी की समस्या न हो, इसके लिए कंटिन्जेसी प्लान के तहत पेंडिंग कार्यों को तुरंत पूरा किया जाए।
सुचारू जलापूर्ति: क्षेत्र की जलापूर्ति योजना को इस तरह डिजाइन करें कि टेल (अंतिम छोर) तक बैठे व्यक्ति को भी पर्याप्त पानी मिल सके।
नंदघर में बच्चों की सुविधाओं को सराहा
दौरे के अंतिम चरण में श्री राठौड़ मातवों की ढाणी स्थित नंदघर (आंगनबाड़ी केंद्र) पहुंचे। यहाँ उन्होंने आधुनिक सुविधाओं और बच्चों के लिए किए गए इंतजामों को देखा। निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया:
ईसीसीई गतिविधियां: बच्चों की प्री-स्कूल शिक्षा और खेल-कूद गतिविधियों का अवलोकन।
सुविधाएं: शौचालय की साफ-सफाई और पोषण वाटिका की स्थिति।
ग्रोथ मॉनिटरिंग: बच्चों के वजन और लंबाई मापने वाले उपकरणों (Growth Monitoring Tools) की कार्यक्षमता जांची गई।
उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और पोषण वाटिका को और अधिक प्रभावी बनाने का सुझाव दिया ताकि बच्चों को ताजी और पौष्टिक सब्जियां मिल सकें।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त के साथ मेड़ता तहसीलदार रामसिंह गुर्जर और गोटन नायब तहसीलदार नेमाराम जाजडा़ सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी सचिव के इस औचक दौरे से स्थानीय प्रशासन और विभागों में दिनभर हलचल बनी रही।
– नितिन सिंह
