नागौर, 13 दिसम्बर। राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिला प्रभारी मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने शनिवार को जिला परिषद सभागार में प्रेसवार्ता की। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने मीडियाकर्मियों से रुबरु होते हुए बताया कि राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष गौरवमयी रहे है। सरकार ने समाज के हर वर्ग का ध्यान रखते हुए कई प्रकार की योजनाएं संचालित कर उनके कल्याण के लिए अपनी भागीदारी निभाई है। राज्य सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए संकल्पित है और सरकार की प्रत्येक घोषणा, निर्णय एवं योजनांए हर वर्ग की उन्नति पर आधारित है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के ये दो वर्ष प्रदेश के चहुंमुखी विकास और जन- जन के कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की दो वर्षों में की गई घोषणाओं में अधिकतर घोषणाएं पूर्ण हो चुकी है तथा कुछ प्रगतिरत है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार के दो वर्षो के कार्यकाल में नागौर जिले में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत वृहद परियोजनाओं एवं लघु योजनाओं में आवंटित राशि रू. 97 करोड़ 87 लाख से अधिक का व्यय कर कुल 87.26 किलोमीटर डी.आई. पाईप लाईन व 1178.95 किलोमीटर एच.डी.पी.ई. पाईप लाईन बिछाने का कार्य किया गया, 12 उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया तथा 34 हजार 831 परिवारों को घर-घर नल कनेक्शन द्वारा नहरी पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इस दौरान उन्होंने बताया कि जिले में 1692 किमी. सड़क निर्माण के लिए 938 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत हुई, जिसमें से 315 करोड़ से अधिक का व्यय कर 854 किमी. सड़कों का विकास कार्य व 555 किमी. नवीन सड़कों का निर्माण करवाया गया। वहीं वर्ष 2025-26 में बजट घोषणा के 26 प्रकरणों में सरकारी कार्यालय एवं अन्य सार्वजनिक प्रयोजन के भवन निर्माण हेतु 115.70 हैक्टेयर भूमि आवटित की गई तथा बजट घोषणा के अतिरिक्त 52 प्रकरणों में सरकारी कार्यालय एवं अन्य सार्वजनिक प्रयोजन के भवन निर्माण हेतु 157.04 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में अतिवृष्टि से खराब हुई सड़कों की मरम्मत हेतु राशि रू. 1384.58 लाख से 449 कार्यो की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। वर्तमान में सभी कार्य पूर्ण किये जा चुके है। वहीं वर्ष 2025-26 में अतिवृष्टि से खराब हुई सड़कों की मरम्मत हेतु राशि रू. 1470.91 लाख से 435 कार्यो की स्वीकृति प्राप्त हुई थी। वर्तमान में 322 कार्य पूर्ण एवं शेष कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने बताया कि रेण ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिस पर यातायात का आवागमन जनवरी 2026 में शुरु कर दिया जायेगा। साथ ही जिला मुख्यालय पर समपार फाटक सं.-61 (बीकानेर फाटक) पर आरओबी निर्माण कार्य (ईपीसी मोड) राशि रू. 25.41 करोड से पूर्ण किया गया एवं माह फरवरी-2025 को उक्त आरओबी पर यातायात संचालित किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर ग्राम-खीमसर पर 4 लेन फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य (ईपीसी योजना के अंतर्गत) (किमी 212/680 से किमी 214/340) लम्बाई 1.680 किमी राशि रू. 41.37 करोड का स्वीकृत है। वर्तमान में उक्त फ्लाईओवर निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगतिरत है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि मां और बच्चे के लिए उचित पोषण मिले, मातृ व शिशु मृत्यु दर कम हो तथा स्वस्थ मातृत्व वातावरण को बढ़ावा मिले। इसके लिए प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के अन्तर्गत 15 हजार 730 लाभार्थियों को 6 करोड़ 33 लाख से अधिक का भुगतान किया गया। वहीं मां वाउचर योजना के तहत अब तक 8 हजार 569 महिलाओं को मां वाउचर दिए गए हैं और 6 हजार 49 महिलाओं ने निशुल्क सोनोग्राफी करवाकर योजना का लाभ उठाया है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में 30 नवम्बर 2025 में 4 हजार 836 मां वाउचर जारी किए गए जिनमें से 3 हजार 469 गर्भवती महिलाएं निशुल्क सोनोग्राफी करवाकर योजना से लाभान्वित हो चुकी है। मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत वर्तमान में 5 हजार 110 नन्हीं-मुन्नी बेटियों को योजना की प्रथम किश्त का भुगतान उनकी माता के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए कर दिया गया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जिले में 6 हजार 606 कृषकों के खेत में फार्म पौण्ड (खेत तलाई) का निर्माण किया गया, जिसमें अनुदान राशि 42 करोड़ 32 लाख कृषकों के खातें में डीबीटी की गई एवं उक्त फार्म पौण्ड से लगभग 15 हजार हैक्टेयर सिंचित क्षेत्रफल बढा। प्रभारी मंत्री ने बताया कि गिव अप अभियान के फलस्वरूप रिक्त हुई जगह पर 2 लाख 28 हजार 59 नवीन लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा। रसोई गैस सिलेण्डर सब्सिडी योजनान्तर्गत 18.82 करोड़ रूपए की सब्सिडी उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने बताया कि जिले के पंच गौरव के चहुंमुखी विकास के लिए 2 करोड़ 9 लाख 50 हजार की राशि स्वीकृत की गई। प्रभारी मंत्री ने बताया कि नागौर जिले में अभी तक 20 हजार 485 टोकन पंजीकृत हुए है, जिसमें 742 किसानो से 15 हजार 286 क्विंटल मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीद की गई है। इसके साथ ही समर्थन मूल्य पर मूंगफली के बेचान हेतु 2 हजार 696 किसानों ने पंजीकरण कर टोकन कटवाएं, जिसमें 177 किसानों से 5 हजार 869 क्विंटल मूंगफली की खरीद की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला मुख्यालय पर बेहतर यातायात के लिए मानासर चौराहा, पुराने हाॅस्पिटल चौराहा, विजय वल्लभ चौराहा, मूण्डवा चौराहा पर ट्राफिक लाईट हेतु 50 लाख की स्वीकृति जारी की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रभावी निवारण हेतु जिला प्रशासन द्वारा सतत् प्रयास किए जा रहे है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि हमारी सरकार ने साफ नीयत, प्रभावी क्रियान्वयन और पूर्ण पारदर्शिता के साथ ऐसा प्रशासन दिया है जिसने राजस्थान को देश के बेस्ट परफॉर्मर राज्य के स्थान पर पहुँचा दिया है।
*विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री श्री कन्हैयालाल चौधरी ने बढता राजस्थान हमारा राजस्थान के तहत जिला परिषद परिसर से विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के गांव ढ़ाणी तक जाकर राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे और आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे। इन रथों द्वारा विधानसभावार एलईडी स्क्रीन पर राज्य सरकार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का प्रसारण किया जाएगा। साथ ही प्रचार सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने बताया कि इन रथों के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार की 2 वर्ष की उपलब्धियों, फ्लैगशिप योजनाओं, नीतिगत सुधारों की जानकारी ऑडियो/वीडियो के माध्यम से आमजन तक पहुचाई जाएगी।
*सड़क सुरक्षा अभियान के पोस्टर का विमोचन*
इसी क्रम में जिला प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। कार्यक्रम दौरान किसान आयोग अध्यक्ष सी आर चैधरी, जिला संगठन प्रभारी महेंद्र बोहरा, संगठन जिला सह प्रभारी रतनलाल सैनी, खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा, मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू, भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया, नागौर के पूर्व विधायक मोहनराम चैधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामनिवास सांखला, जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर, जिला परिषद एसीईओ रणजीतसिंह, भाजपा जिला महामंत्री बुद्धराम गरवा व कानसिंह, जिला मीडिया प्रभारी महावीर सिंह सान्दु, उपाध्यक्ष रामचंद्र धुंधवाल, जिला मंत्री राजेंद्र वैष्णव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
नितिन सिंह/वीबीटी न्यूज
