रियाबड़ी क्षेत्र में पत्रकारिता से जुड़े साथियों के लिए रविवार का दिन खास रहा। मुरली जी के बड़ला रामद्वारा में उपखंड की रजिस्टर्ड संस्था सिटी प्रेस क्लब सोसाइटी द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें संगठन के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने संगठन की मजबूती, एकजुटता और भविष्य की दिशा पर विचार-विमर्श किया।

चर्चा के बाद सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार नितिन सिंह को सिटी प्रेस क्लब सोसाइटी का अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई, जिससे चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरी हुई। नितिन सिंह के अध्यक्ष बनने पर बैठक में मौजूद पत्रकारों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। सभी पत्रकार साथियों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल और प्रभावी कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम के दौरान संगठन में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
अपने संबोधन में नितिन सिंह ने कहा कि वे पत्रकारों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने संगठन की एकता को मजबूत करने और निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि रियांबड़ी क्षेत्र के पत्रकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहां उनकी समस्याओं का समाधान हो सके और उनकी आवाज को मजबूती मिले। उन्होंने आगे कहा कि संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी साथियों का सहयोग आवश्यक है और वे सबको साथ लेकर चलने की भावना से कार्य करेंगे। बैठक में पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र राठी, पवन कुमार सागर, रूपेश कुमार, मुरली पारीक, नंदकिशोर कुमावत, महेंद्र नाथ योगी, सुनील दगदी, मदनलाल, प्रेम सिंह शेखावत, एडवोकेट सत्यनारायण कुमावत, लुकमान खान और वसीम कुरेशी सहित कई वरिष्ठ पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती और पत्रकारों के हित में मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ किया गया
।
