नागौर, 8 अप्रैल।उपखण्ड रियाबड़ी प्रशासन ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम नृसिंह बासनी में लंबे समय से बंद पड़े रास्ते को खुलवाकर ग्रामीणों को बड़ी राहत दिलाई। यह कार्रवाई तहसीलदार अशोक कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें भू-अभिलेख निरीक्षक आलनियावास एवं कोड पटवारी सहित प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही। इस दौरान संबंधित प्रार्थियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में आपसी समझाइश के जरिए रास्ते का अवरोध हटवाया गया।

गौरतलब है कि उक्त रास्ता काफी समय से अवरुद्ध होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से खेतों तक पहुंचने, दैनिक कार्यों एवं आपात स्थिति में यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी थी। ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में कई बार शिकायतें भी दर्ज करवाई गई थीं।
तहसीलदार अशोक कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रास्तों की भूमि पर अतिक्रमण को लेकर जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में परिवाद सामने आते हैं। कई मामलों में तो विवाद इतना बढ़ जाता है कि न्यायालय में वाद दायर करने की नौबत आ जाती है, जिससे आमजन को समय और धन दोनों की हानि उठानी पड़ती है। साथ ही, ऐसे विवाद क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि ऐसे मामलों का समाधान आपसी सहमति और समझाइश के माध्यम से ही किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक कानूनी प्रक्रियाओं में न उलझना पड़े। इसी उद्देश्य से ग्राम नृसिंह बासनी में भी दोनों पक्षों को समझाकर रास्ता खुलवाया गया, जिससे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान संभव हो सका।
मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित पक्षों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार से रास्ता अवरुद्ध नहीं किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि आगे इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने से अब उन्हें बड़ी राहत मिली है और आवागमन सुगम हो गया है।
