डी.डी. चारण | मेड़ता सिटी।
मेड़ता सिटी के बागावास स्थित पीएम श्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को वार्षिक उत्सव ‘धरोहर’ बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला। विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवियों और अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरू, अति विशिष्ट अतिथि नगरपालिका चेयरमैन शोभा लाहोटी, कार्यक्रम अध्यक्ष एसीबीओ श्रीराम खोजा एवं सह-अध्यक्ष यूसीईओ पांचाराम डीया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।
इस अवसर पर चारभुजा टाटा मोटर्स चेयरमैन सुशीला बिश्नोई, बस्तीराम बिश्नोई, नंदकिशोर लाहोटी, जिला साक्षरता अधिकारी रमेश कुमार, समाजसेवी सीताराम चौधरी, रामूराम बिश्नोई, नरेश सिंह, बक्सू खान, ब्लॉक संदर्भ अधिकारी लक्ष्मण राम बिश्नोई, कालू खां, पार्षद सुनील पंवार, ओमप्रकाश पार्षद, पीओ महेंद्र फरोदा, प्रधानाचार्य शिवराज बिश्नोई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भक्ति और सांस्कृतिक रंग घोल दिए। इसी दौरान विद्यालय में निर्मित संविधान कक्ष का विधिवत लोकार्पण विधायक लक्ष्मण राम कलरू एवं नगरपालिका चेयरमैन शोभा लाहोटी द्वारा किया गया। यह कक्ष विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना, अधिकारों और कर्तव्यों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह ने पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की, जिससे वातावरण भावुक हो उठा।
विधायक लक्ष्मण राम कलरू ने विद्यालय परिसर में टीनशेड और रसोईघर निर्माण की घोषणा की। वहीं नगरपालिका चेयरमैन शोभा लाहोटी ने विद्यालय प्रांगण में सीसी ब्लॉक लगाने की घोषणा की। सुशीला बिश्नोई ने विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर देने का संकल्प लिया। पार्षद सुनील पंवार ने विद्यालय को कंप्यूटर व प्रिंटर उपलब्ध कराने की घोषणा की। नंदलाल तोषनीवाल फाउंडेशन, कोलकाता द्वारा जल मंदिर निर्माण की घोषणा भी की गई।
विद्यालय संस्था प्रधान निरमा बिश्नोई ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक और सहशैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय में भौतिक सुविधाओं के विकास में योगदान देने वाले स्टाफ—विजयलक्ष्मी देवी, संतोष चौधरी, तेजाराम, योगेश, ज्योति एवं सुशील—के कार्यों की सराहना की तथा सभी अतिथियों एवं भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन गणेश दास और पंकज दाधीच ने किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और जनप्रतिनिधियों की घोषणाओं ने विद्यालय परिवार को नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान किया। वार्षिक उत्सव ‘धरोहर’ ने शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया ।
