नई दिल्ली। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ता तनाव और अनियमित खानपान लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल रहे हैं। थकान, अपच, गैस, पेट फूलना, सुस्ती और कमजोर इम्युनिटी जैसी समस्याएं आम हो चुकी हैं। ऐसे में प्राकृतिक और घरेलू उपाय शरीर को बिना दुष्प्रभाव के स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। आयुर्वेद भी रोजमर्रा के आहार में प्राकृतिक तत्वों को शामिल करने पर जोर देता है। इन्हीं में से एक है पुदीना, नींबू और शहद से तैयार किया जाने वाला हेल्दी ड्रिंक, जिसे National Health Mission (एनएचएम) ने भी नियमित सेवन के लिए लाभकारी बताया है।
एनएचएम के अनुसार यह प्राकृतिक पेय शरीर को डिटॉक्स करने, पाचन तंत्र को सक्रिय रखने और मेटाबॉलिज्म बेहतर बनाने में सहायक है। पुदीना पेट को ठंडक पहुंचाता है और गैस व एसिडिटी से राहत दिलाता है। यह पाचन क्रिया को सुचारू बनाकर पेट की समस्याओं को कम करने में मदद करता है। वहीं नींबू विटामिन सी का समृद्ध स्रोत है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में सहायक होता है। नियमित सेवन से त्वचा में निखार भी आता है।
शहद इस पेय में प्राकृतिक मिठास के साथ एंटी-बैक्टीरियल गुण जोड़ता है। यह गले की खराश और मौसमी संक्रमण से राहत दिलाने में उपयोगी माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार सुबह खाली पेट इस ड्रिंक का सेवन करने से शरीर को ताजगी मिलती है, जल संतुलन बना रहता है और दिनभर पाचन क्रिया सक्रिय रहती है। यदि इसे गुनगुने पानी के साथ लिया जाए तो इसके पोषक तत्वों का अवशोषण और बेहतर होता है।
इस पेय के नियमित सेवन से कब्ज, अपच और पेट में भारीपन जैसी समस्याएं धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। साथ ही पुदीना और नींबू में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा की डलनेस दूर कर प्राकृतिक चमक प्रदान करते हैं।
इसे तैयार करना भी बेहद आसान है। एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें, 7–10 ताजी पुदीने की पत्तियां हल्का मसलकर डालें और 1–2 चम्मच शहद मिलाएं। अच्छी तरह घोलकर सुबह धीरे-धीरे पिएं। हालांकि डायबिटीज या अधिक एसिडिटी से पीड़ित लोगों को इसका सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
— नितिन सिंह, वीबीटी न्यूज (22 फरवरी 2026)
