अजमेर/ तीर्थ नगरी पुष्कर में शुक्रवार अल सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब चोरों ने अस्पताल के सामने स्थित केशव ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी करने का प्रयास किया। कड़ाके की ठंड और सुबह का सन्नाटा देखते हुए चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश तो की, लेकिन स्थानीय लोगों की जागरूकता और तत्परता के चलते उनका यह प्रयास नाकाम हो गया। घटना सुबह 5:10 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
🔹 लाल स्विफ्ट कार में पहुंचे थे पांच चोर
दुकान मालिक नंदू सोनी के अनुसार, सुबह लगभग 5:10 बजे एक लाल रंग की स्विफ्ट कार में पांच युवक दुकान के बाहर पहुंचे। उन्होंने पहले दुकान का ताला तोड़ा और शटर खोलने का प्रयास किया। हालांकि शटर में आधुनिक सेंसर सिस्टम लगे होने के कारण चोर शटर को पूरी तरह खोल नहीं पाए और वारदात को आगे बढ़ाने में असफल रहे।
🔹 आवाज सुनकर दौड़े सामाजिक कार्यकर्ता, चोर मौके से फरार
दुकान के पास ही स्थित घर में मौजूद पूर्व पालिकाध्यक्ष मंजू कुड़िया के पति व सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश कुड़िया को ताला तोड़ने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने तुरंत आवाज लगाई और दौड़कर दुकान की ओर पहुंचे। जैसे ही चोरों ने किसी व्यक्ति के आने की आहट सुनी, वे तेजी से कार में बैठे और अजमेर की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि उनके पास हथियार भी मौजूद थे।
जगदीश कुड़िया ने बताया,
“मैं सुबह दुकान के बाहर अखबार पढ़ रहा था, तभी मुझे खटखट की आवाज सुनाई दी। जब मैं दौड़कर दुकान की तरफ गया तो देखा कि तीन युवक ताला तोड़ रहे थे, एक बाहर निगरानी कर रहा था और एक कार में बैठकर इंजन चालू रखे हुए था। मेरी आवाज सुनते ही सभी युवक गाड़ी लेकर फरार हो गए।”
🔹 चोर ताला साथ ले गए, पूरी घटना CCTV में कैद
दुकानदार नंदू सोनी ने बताया कि चोर वारदात के दौरान दुकान का ताला भी साथ ले गए। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो चुकी है। फुटेज में पांचों युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं और कार का नंबर भी अजमेर जिले का बताया गया है।
🔹 पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुष्कर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि चोरों ने वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम देने का प्रयास किया था, लेकिन स्थानीय सतर्कता ने उनकी मंशा पर पानी फेर दिया।
🔹 नगर में दहशत, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद पुष्कर शहर में दहशत का माहौल है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए ताकि दुकानदार सुरक्षित महसूस कर सकें।
नितिन सिंह/वीबीटी न्यूज/05 दिसंबर 2025
