पादूकलां। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) के महत्वाकांक्षी पायलट प्रोजेक्ट ‘सृजन की सुरक्षा’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ग्राम पंचायत पादूकलां का चयन किया गया है। यह योजना महिला सशक्तिकरण, बालिका सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक उद्देश्यों को ध्यान में रखकर लागू की जा रही है।
अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता श्री अरुण कुमार बेरीवाल (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) के निर्देशानुसार बुधवार को ग्राम पंचायत कार्यालय पादूकलां में समन्वय एवं जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता श्रीमती स्वाति शर्मा ने की।
पिपलांत्री मॉडल से प्रेरित है योजना
बैठक को संबोधित करते हुए सचिव स्वाति शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत जारोड़ा कलां के बाद अब पादूकलां को इस पायलट प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। यह योजना राजसमंद जिले के प्रसिद्ध पिपलांत्री मॉडल से प्रेरित है, जो ईको-फेमिनिज्म की अवधारणा पर आधारित है।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम, बालिका शिक्षा को बढ़ावा, पोक्सो अधिनियम के तहत अपराधों की रोकथाम तथा सामुदायिक सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना है।
हर नवजात बालिका बनेगी ‘हरित बालिका’
योजना के अंतर्गत चयनित क्षेत्र में जन्म लेने वाली प्रत्येक नवजात बालिका को ‘हरित बालिका’ के रूप में चिन्हित किया जाएगा। विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से बालिकाओं को चिकित्सा सुविधाएं, स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ, शैक्षणिक अवसर और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
इसके साथ ही बालिका के जन्म पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक संदेश भी जाएगा।
विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी
बैठक में सीएचसी पादूकलां से डॉ. राशिका शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी संदीप गोदारा, शिक्षा विभाग से श्रीराम खोजा, महिला एवं बाल विकास विभाग से नारायण सिंह व अमजद खान, वन विभाग से संतोष, ग्राम पंचायत प्रशासक रामप्यारी देवी फडौदा, पूर्व सरपंच लक्ष्मणराम मेहरा सहित अनेक विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा पर्यावरण प्रेमी रामचंद्र पिचकियां, अधिकार मित्र जुगल सिंह, कनिष्ठ सहायक मुकुल ओझा, ताराचंद फडौदा, राजेंद्र फडौदा, बाबूलाल, फखरुद्दीन, नरेगा मेट गीता देवी भाटी, टीपू सुल्तान, दिनेश मेहरा एवं ई-मित्र संचालक अनुप सैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
न्याय आपके द्वार व राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी
इस अवसर पर सचिव स्वाति शर्मा ने रालसा के राज्यव्यापी अभियान ‘न्याय आपके द्वार’ की जानकारी देते हुए जनोपयोगी सेवाओं, स्थायी लोक अदालत की प्रक्रिया तथा 21 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने मामलों का त्वरित एवं सुलभ समाधान प्राप्त करें।
नितिन सिंह/वीबीटी न्यूज/17 दिसंबर 2025
