संवाददाता/डीडी चारण
नागौर | मेड़ता सिटी | राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर नागौर जिले की होनहार बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विष्णु जीत ओपन गाइड कम्पनी खाखड़की की गाइड छात्राएं कोमल खूड़खुड़िया (पुत्री दिना राम मूंगदड़ा) एवं कृष्णा कमेडिया (पुत्री धर्मा राम पुनदलू) को जिला स्तरीय बालिका प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
यह कार्यक्रम 24 जनवरी 2026 को बलदेव राम मिर्धा राजकीय महाविद्यालय, नागौर के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। सम्मान समारोह में जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित, उपनिदेशक जितेंद्र शर्मा तथा महिला अधिकारिता विभाग नागौर के अधिकारियों द्वारा दोनों छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
स्थानीय संघ मेड़ता सिटी के सचिव श्री किशन जादम ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों गाइड छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। ट्रेनिंग काउंसलर जितेंद्र सिंह देवली के अनुसार वर्ष 2025 में तमिलनाडु के त्रिची में आयोजित राष्ट्रीय डायमंड जंबूरी में दोनों छात्राओं ने साहसिक गतिविधियों, फूड प्लाजा, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, प्राथमिक उपचार तथा एथेनिक शो में शानदार प्रदर्शन किया।
उनकी इस उपलब्धि से नागौर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। गाइड कैप्टन विष्णु कंवर जोधा ने चयन समिति एवं सी.ओ. गाइड ज्योति महात्मा का बालिकाओं को प्रोत्साहन देने हेतु आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान न केवल इन बालिकाओं के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
न्यूज डेस्क/नितिन सिंह
