थांवला कस्बे में आज भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष ब्रजराज सिंह लखावत के नेतृत्व में थांवला थानाधिकारी सीआई अशोक कुमार चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक राजस्थानी साफा एवं माला पहनाकर थाना प्रभारी का स्वागत किया। मुलाकात के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, शांति व्यवस्था और जनसहभागिता को मजबूत बनाने को लेकर अहम बातचीत हुई।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजराज सिंह लखावत ने कहा कि संगठन और कार्यकर्ता हमेशा क्षेत्र में अमन-शांति बनाए रखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि कस्बे में किसी भी प्रकार का विवाद, असामाजिक गतिविधि या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर संगठन प्रशासन के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, और इस दिशा में भाजपा कार्यकर्ता निरंतर योगदान देते रहेंगे।
थानाधिकारी सीआई अशोक कुमार चौधरी ने कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों का समन्वय क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने में सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि, विवाद या महत्वपूर्ण सूचना हो, तो तुरंत थाना प्रशासन को अवगत करवाएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
सीआई ने कहा कि थांवला थाना सदैव आमजन के लिए खुला है और पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को सुरक्षित, शांत और अपराध मुक्त बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि थांवला पुलिस हर नागरिक को न्याय और सुरक्षा प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष ब्रजराज सिंह लखावत, गोपाल सिंह सथाना,महामंत्री जसाराम गुर्जर, समाजसेवी राजेश जैन, वरिष्ठ कार्यकर्ता शंकरलाल बंजारा, श्यामलाल मावर, नितिन सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र के विकास और आपसी सहयोग को बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
