थांवला / नागौर जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा थांवला पुलिस थाने पहुंचे, जहां उन्होंने थाने का निरीक्षण किया और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसपी मीणा ने थाने के रिकॉर्ड, मालखाना, हवालात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने विशेष रूप से क्षेत्र में बढ़ते अपराधों और नशे की तस्करी की रोकथाम को लेकर सीएलजी सभा में सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखी जाए। एसपी मीणा ने कहा कि नशे की तस्करी समाज के लिए गंभीर चुनौती है,

जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा साथ ही, आमजन से संवाद बढ़ाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया। इस दौरान थांवला थानाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस स्टाफ को बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित करते हुए एसपी ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने नवीन पदोन्नत पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही। थांवला सीआई अशोक कुमार झांझरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि एसपी के दौरे को लेकर थाने में पूर्व तैयारियां की गई थीं। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी मीणा के आगमन पर उनको गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनको सम्मान दिया गया।
