थांवला थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम नागौर ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हरसौर में अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 हजार किलो अवैध अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध खनन एवं विस्फोटक तस्करी पर करारा प्रहार मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व नागौर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम हरसौर निवासी सुलेमान पुत्र करीम खान लंबे समय से अवैध खननकर्ताओं को विस्फोटक सामग्री सप्लाई कर रहा है। आरोपी ने अपने खेत में बने मकान में भारी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट एवं अन्य विस्फोटक सामग्री छिपा रखी थी।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी नागौर के निर्देश पर डीएसटी टीम के 10 सदस्य एवं थांवला थाना पुलिस के 9 सदस्य शामिल कर दो विशेष टीमें गठित की गईं। पहले शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी के मकान में विस्फोटक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद शनिवार को दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से दबिश देकर आरोपी के ठिकाने पर कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान मौके से करीब 187 कट्टे अमोनियम नाइट्रेट, 9 कार्टून डेटोनेटर, 12 कार्टून व 15 बंडल नीली बत्ती वायर, 5 कार्टून बड़े गुल्ले, 25 कार्टून छोटे गुल्ले, 10 कार्टून व 1 कट्टा डूडेट, 1 लकड़ी का कार्टून तथा 6 पैकेट एपीएसओडी बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से आरोपी सुलेमान खान को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में तीन मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से विस्फोटक सप्लाई के धंधे में लिप्त रहा है। वर्ष 2017 में विस्फोटक ले जाते समय हुए हादसे में एक युवक की मौत से भी आरोपी का संबंध बताया जा रहा है।
यह कार्रवाई डीएसटी टीम नागौर के प्रभारी विजयसिंह रावत एवं थांवला थाना प्रभारी अशोक कुमार झांझड़िया के नेतृत्व में संपन्न हुई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नितिन सिंह/ वीबीटी न्यूज

