थांवला पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक नागौर मृदुल कच्छावा (आई.पी.एस.) के निर्देशन में की गई है। पुलिस के अनुसार दिनांक 01 जनवरी 2026 को थाना थांवला की टीम द्वारा हल्का क्षेत्र में अवैध बजरी खनन व परिवहन की रोकथाम के लिए कार्रवाई की गई थी।
इसी दौरान सरहद बाड़ीघाटी क्षेत्र में अवैध बजरी से भरी दो बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ मौके पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा मामले में प्रकरण संख्या 001/2026 धारा 112(2), 303(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा 4/21 माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शेष आरोपियों की तलाश कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मदनलाल पुत्र श्री भंवरलाल (उम्र 45 वर्ष), पप्पूसिंह पुत्र श्री मंगल सिंह उर्फ मालाराम (उम्र 41 वर्ष), धारूराम पुत्र श्री हुक्मा (उम्र 33 वर्ष) तथा प्रहलाद सिंह रावत पुत्र भंवर सिंह (उम्र 41 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना थांवला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार झाझड़िया के नेतृत्व में थांवला थाना टीम के कांस्टेबलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नितिन सिंह/ वीबीटी न्यूज
