संवाददाता/नितिन सिंह
थांवला। कड़ाके की ठंड के बीच असहाय और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री गुरु कृपा जनहित सेवा संस्थान द्वारा बाड़ीघाटी क्षेत्र में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सेवा कार्य भामाशाह नरसी कुलरिया के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें अब तक पूरे मेड़ता क्षेत्र में 600 से अधिक जरूरतमंदों को गर्म कंबल वितरित किए जा चुके हैं।

संस्थान के निदेशक कैलाश जांगिड़ ने बताया कि वर्तमान में बढ़ती सर्दी को देखते हुए जरूरतमंदों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस सेवा अभियान की प्रेरणा गोलोकवासी संत दुलाराम जी कुलरिया से मिली है। उन्हीं के मार्गदर्शन और संस्कारों के चलते उनके पुत्र, युवा उद्यमी एवं दानवीर नरसी कुलरिया ने इस मानवीय पहल को आगे बढ़ाया है।
कैलाश जांगिड़ ने जानकारी दी कि संस्था के कार्यकर्ता रात के समय विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंदों के ठिकानों पर स्वयं पहुंचकर कंबल वितरित कर रहे हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड में परेशान न हो। यह अभियान पूरे मेड़ता क्षेत्र में लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम थांवला के समीप बाढ़ीघाटी क्षेत्र में मजदूर वर्ग की महिलाओं को स्थानीय सरपंच शंकर बंजारा के हाथों कंबल वितरित किए गए।

उन्होंने बताया कि अब तक 600 से अधिक कंबल वितरित किए जा चुके हैं और संस्था का लक्ष्य है कि आगामी एक-दो दिनों में इतनी ही संख्या में और कंबल वितरित कर अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाई जाए। संस्था का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी सहायता पहुंचे।
गौरतलब है कि इस अभियान की पहली रात मेड़ता पुलिस उप अधीक्षक रामकरण सिंह मलिंडा एवं उनकी पत्नी ने कुलरिया परिवार की ओर से संस्था के माध्यम से विभिन्न डेरों में पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल ओढ़ाकर सेवा कार्य में भागीदारी निभाई। उनके इस सहयोग से संस्था के कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ा।
इस सेवा कार्य के दौरान नितिन सिंह, जुगल सिंह सोलंकी, श्याम बोराणा, तुलसीराम प्रजापत सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
स्थानीय नागरिकों ने भी संस्था और भामाशाह नरसी कुलरिया के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों के लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है।

श्री गुरु कृपा जनहित सेवा संस्थान का यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों को राहत पहुंचा रहा है, बल्कि समाज को सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी दे रहा है।
न्यूज डेस्क नितिन सिंह
