संवाददाता: डी.डी. चारण
मेड़ता शहर के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और आस्था से जुड़ी खुशखबरी सामने आई है। शहर में बहुप्रतीक्षित श्याम बाबा के भव्य मंदिर के निर्माण कार्य का शुभारंभ हो चुका है। यह मंदिर लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा, जिसका निर्माण आमजन के सहयोग से किया जा रहा है। मंदिर निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
रविवार को मंदिर निर्माण समिति द्वारा निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारी, आर्किटेक्ट और ठेकेदार मौके पर मौजूद रहे। समिति के कोषाध्यक्ष संजय तापड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर के गर्भगृह का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है और निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर जोधपुर से पहुंचे आर्किटेक्ट देवेंद्र सेठी एवं कुणाल सेठी ने निर्माण सामग्री, नींव और प्रारंभिक कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मंदिर की संरचना, मजबूती और वास्तु के अनुरूप निर्माण पर विशेष जोर दिया। वहीं पिंडवाड़ा से आए संगमरमर ठेकेदार सुभाष प्रजापत ने भी मौके पर पहुंचकर सामग्री और कार्य स्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, श्याम बाबा मंदिर का गर्भगृह पूर्णतः उच्च गुणवत्ता वाले संगमरमर पत्थरों से निर्मित किया जाएगा। निर्माण कार्य में हर स्तर पर गुणवत्ता की जांच की जाएगी ताकि मंदिर वर्षों तक आस्था और स्थापत्य का प्रतीक बना रहे।
निरीक्षण के दौरान समिति सदस्यों ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से मंदिर निर्माण में सहयोग देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र बनेगा और इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन गौतम टाक, मच्छराज सिखवाल, बजरंग सोनी, अनिल टाक, इंजीनियर बलदेवराम बिड़ियासर, नरतन मल पंवार, सुरेंद्र बिड़ला, वकील गजधर, मुंसी ठेकेदार, अशोक टेलर, बाबूलाल जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्याम बाबा के इस भव्य मंदिर का निर्माण पूर्ण होने के बाद यह मेड़ता ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में स्थापित होगा।
नितिन सिंह/वीबीटी न्यूज
