नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार को इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 का शानदार आगाज हुआ। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम से आयोजित मैराथन को एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में बड़ी संख्या में धावकों और प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान देशभक्ति और खेल भावना का माहौल देखने को मिला।
मैराथन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आयोजन सुबह 5 बजे से 11 बजे तक चलेगा। इस दौरान जेएलएन स्टेडियम और लोधी रोड सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।
जेएलएन स्टेडियम और लोधी रोड पर यातायात नियंत्रित
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत भीष्म पितामह मार्ग स्थित जेएलएन स्टेडियम के गेट नंबर-1 के आसपास विशेष यातायात नियंत्रण रहेगा। इसके अलावा लोधी रोड पर बीपी मार्ग से मदरसा टी-प्वाइंट और अरबिंदो मार्ग तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इन स्थानों से किया जाएगा ट्रैफिक डायवर्ट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार डिफेंस कॉलोनी सर्किल के आसपास वाहनों को अलग-अलग मार्गों से निकाला जाएगा। सेवा नगर फ्लाईओवर के नीचे, कोटला रेड लाइट, सेवा नगर रेड लाइट, मेहरचंद मार्केट और एंड्रयूज गंज चौक से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। मैराथन मार्ग पर किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग
मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों और लोगों की सुविधा के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। स्कोप कॉम्प्लेक्स, दयाल सिंह कॉलेज, सुनहरी पुला और सेवा नगर बस डिपो में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। वहीं वीआईपी वाहनों के लिए जेएलएन स्टेडियम के गेट नंबर 7 से 9 के अंदर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर रोक
मैराथन के दौरान आयोजन मार्ग पर सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और मैराथन मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें।
इंडियन एयरफोर्स मैराथन-2026 के आयोजन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैराथन के दौरान धावकों की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
नितिन सिंह/04 अक्टूबर/2026
