किल्ला | संवाददाता/गौतम नोगिया
नागौर जिले की ग्राम पंचायत बाड़ीघाटी के गांव किल्ला में सरपंच चुनाव से पहले ही विकास को लेकर हलचल तेज हो गई है। गांव के युवा उद्योगपति अशोक कुमार वैष्णव ने चुनाव से पहले ही अपने गांव में रोड लाइट लगाने की पहल शुरू कर दी है। गांव में जरूरत के स्थानों पर रोड लाइट लगने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और अशोक वैष्णव की इस पहल की चारों ओर चर्चा हो रही है।

अशोक वैष्णव ने ग्राम पंचायत बाड़ीघाटी के विकास को लेकर अपनी योजनाओं का खाका भी ग्रामीणों के सामने रखा है। उन्होंने पंचायत के विकास कार्यों पर करीब 15 करोड़ रुपए खर्च करने का वादा किया है। इसके साथ ही किल्ला गांव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सालय स्थापित करने की इच्छा भी जाहिर की है।
लंदन में व्यवसाय, अब गांव के विकास की ओर कदम
अशोक कुमार वैष्णव मूल रूप से किल्ला गांव से जुड़े हुए हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर लंदन में अपना व्यवसाय स्थापित किया है। विदेश में व्यवसाय होने के बावजूद अब वे अपने गांव और ग्राम पंचायत के विकास में योगदान देने के लिए आगे आने की बात कह रहे हैं।
उनका कहना है कि गांव का विकास केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के सक्षम लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आगे आना चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने सबसे पहले गांव में आवश्यक स्थानों पर रोड लाइट लगवाने की पहल शुरू की है।
युवाओं में दिख रहा उत्साह
रोड लाइट लगाने की शुरुआत के बाद किल्ला गांव के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गांव में विकास कार्यों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। युवा वर्ग अशोक वैष्णव की इस पहल को लेकर समर्थन जता रहा है।
चुनाव से पहले ही विकास के मुद्दे पर चर्चा
सरपंच चुनाव को लेकर गांव में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। ऐसे समय में अशोक वैष्णव द्वारा चुनाव से पहले ही विकास कार्य शुरू करवाए जाने से पंचायत चुनाव की चर्चा में विकास का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया है।
अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर है कि आने वाले पंचायत चुनाव में अशोक वैष्णव किस तरह अपनी दावेदारी पेश करते हैं और उनके द्वारा किए गए 15 करोड़ रुपए के विकास के वादे तथा चिकित्सालय की घोषणा को लेकर ग्रामीणों की क्या प्रतिक्रिया रहती है।
एडिटर/नितिन सिंह
