भेरूंदा। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी शनिवार को भेरूंदा के एक दिवसीय दौरे पर आएंगी। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। शनिवार सुबह 11 बजे पंचायत समिति के पास स्थित दशहरा मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी आमजन को संबोधित करेंगी।
भाजपा नेत्री प्रीति हुक्माराम सांई ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। सभा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने के साथ ही आमजन तक प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर रहेगा।
विधायक अजयसिंह किलक सहित कई नेता होंगे शामिल
दशहरा मैदान में आयोजित होने वाली जनसभा में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ डेगाना विधायक अजयसिंह किलक सहित कई विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारी जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत हैं।
तैयारियों को दिया अंतिम रूप
उपमुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सभा स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भाजपा के कार्यक्रम प्रभारी युगल किशोर शर्मा और विस्तारक अशोक गुर्जर सहित पार्टी पदाधिकारियों ने सभा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। जनसभा के सफल आयोजन के लिए व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर भेरूंदा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाली जनसभा पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता को और गति देने का प्रयास करेगी।
नितिन सिंह की रिपोर्ट
