नागौर, 10 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले में नियुक्त मतदान दलों के मतदान अधिकारी एवं सहायक मतदान अधिकारी प्रथम का प्रथम प्रशिक्षण शनिवार को जिला मुख्यालय के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम श्री बी.आर. मिर्धा राजकीय महाविद्यालय, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, बालवा रोड, नागौर तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बालवा में आयोजित किया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद नागौर रणजीत सिंह गोदारा ने विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान अधिकारियों एवं सहायक मतदान अधिकारियों को उनके कर्तव्यों, मतदाता पहचान दस्तावेजों, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति तथा जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं पंच के चुनाव के दौरान मतदान दलों द्वारा किए जाने वाले कार्यों एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी।
सहायक प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण मानाराम पचार ने प्रशिक्षणार्थियों को आदर्श आचार संहिता, मतदान बूथ की स्थापना, 100 मीटर एवं 200 मीटर की परिधि से संबंधित नियमों, मॉक पोल, अमिट स्याही, प्रतिरूपण, टेंडर वोट, मतदाता रजिस्टर तथा पीठासीन अधिकारी द्वारा की जाने वाली घोषणाओं के बारे में विस्तार से बताया।
प्रशिक्षण के दौरान मतपत्रों एवं मतपेटियों के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में एक कंट्रोल यूनिट एवं दो बैलेट यूनिट के उपयोग, मतगणना प्रक्रिया तथा निर्वाचन संबंधी परिपत्रों एवं निर्देशों की जानकारी भी दी गई। साथ ही जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, वार्ड पंच एवं उपसरपंच के निर्वाचन में मतदान दलों के कार्यों एवं दायित्वों को पीपीटी के माध्यम से समझाया गया।
प्रशिक्षणार्थियों को मतपेटी के माध्यम से मतदान कराने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का हैंड्स-ऑन अभ्यास भी करवाया गया। प्रशिक्षण के अंत में प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित कर प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
