नागौर जिले के थांवला कस्बे की होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी भार्गवी सिंह ने मांडल जोधा ग्राम स्थित राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया।
भार्गवी सिंह ने विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए। ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस भी बढ़ाते हैं।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया सम्मानित । इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह, गोठड़ा गांव के राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत सिंह , सीबीओ प्रतिनिधि मनोहर सिंह, विकास समिति सदस्य नीर सिंह ,पूर्व वाइस प्रिंसिपल बस्तीराम ,व्याख्याता बाबूलाल, कमलकिशोर ,प्रेमसुख महिया सहित विद्यालय परिवार की ओर से भार्गवी सिंह को 70वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने उनकी खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भार्गवी सिंह ने अपने खेल कौशल के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया और उन्हें खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ खेलों के महत्व को भी समझाया गया।
