राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जैतारण स्थित प्रसिद्ध मरुधर केसरी पावन धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री के पावन धाम आगमन पर श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने पावन धाम परिसर में पहुंचकर पूज्य गुरुदेव मरुधर केसरी श्री मिश्रीमल जी महाराज तथा पूज्य गुरुदेव श्री रूपमुनि जी महाराज की समाधि के दर्शन किए और श्रद्धापूर्वक नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के आगमन के दौरान पूर्व सांसद पुष्प जैन ने मुख्यमंत्री को पावन धाम के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने पावन धाम की आध्यात्मिक परंपरा एवं संतों के तप, त्याग और सेवा के आदर्शों को नमन किया और कहा कि मरुधर केसरी पावन धाम जैन समाज की धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां की समाधियां श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र हैं जहां देशभर के कोने कोने से गुरु भक्त दर्शन करने आते हैं। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने समाधि दर्शन के दौरान संतों की तपस्या, त्याग, संयम एवं मानव सेवा की परंपरा को नमन किया। उन्होंने पावन धाम की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए संतों के बताए सेवा एवं सद्भाव के मार्ग को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर पावन धाम परिसर में धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण बना रहा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से आत्मीयता के साथ संवाद भी किया।
सेवा संकल्प बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने ‘सेवा संकल्प बाइक रैली’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक रैली में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से सेवा, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण का संदेश दिया गया।
जैन समाज एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री के मरुधर केसरी पावन धाम पहुंचने पर श्री मरुधर केसरी स्थानकवासी जैन यादगार समिति ट्रस्ट, जैतारण की ओर से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत करते हुए पावन धाम में पधारने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पावन धाम की ओर से पूर्व सांसद पुष्प जैन, महावीर भंडारी, विमल मेहता, महेंद्र भंसाली, पवनराज झामड़, अशोक बंब, अमित भंडारी, लूणकरण जैन, कमलेश बोहरा प्रदीप डागा, विनोद कोठारी, ज्ञानचंद हिरन, पदम कोठारी, अक्षय कोठारी, आदेश बंब, निर्मल आंचलिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
