थांवला कस्बे के शेखपुरा रोड स्थित एक खेत पर रविवार तड़के करीब 3 बजे भीषण अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई। प्याज के गोदाम मे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर एक के बाद एक सात गोदामों को अपनी चपेट मे ले लिया।आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।मौक़े पर पहुंची थांवला पुलिस ने आग की भयावहता को देखते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद पुष्कर से मौके पर पहुंचे अग्निशमन वाहन व स्थानीय टेंकरो की सहायता से बड़ी मुश्किल से तीन-चार घंटों बाद आग पर काबू पाया गया।लेकिन तब तक सातों गोदामों पूरी तरह से जलकर राख हो चुके थे।घटना को लेकर थांवला निवासी मिठूराम राम कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार आग से गोदामों में रखे प्याज के कट्टे,पंखे,लोहे की चद्दरें, लोहे के पाइप सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया जिससे लाखो रूपये का नुकशान होने का प्रारम्भिक अनुमान है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
प्याज की बंपर पैदावार को सुरक्षित रखने के लिए लाखों की लागत से तैयार होते हैं कच्चे गोदाम

क्षेत्र में प्याज की बंपर पैदावार को सुरक्षित रखने और लंबे समय तक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए किसान कच्चे प्याज के गोदाम तैयार करते हैं। इन गोदामों में तापमान सामान्य रखने के साथ हवा के उचित आवागमन की विशेष व्यवस्था की जाती है। इसके निर्माण में पन्नी के पुळै,चद्दर,लोहे के पाइप और हवा के लिए पंखों का इस्तेमाल होता है। एक गोदाम तैयार करने में किसानों को लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं।
नितिन सिंह की रिपोर्ट / 10 नवंबर
