संवाददाता/ मुरलीधर पारीक
थांवला। राजस्थान तीरंदाजी संघ की ओर से श्रीगंगानगर में 10 से 13 सितंबर तक आयोजित जूनियर एवं सब-जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में थांवला के युवा तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में गांव थांवला से कुल 12 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाते हुए कई पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता के रिकर्व वर्ग में थांवला के तीरंदाज महेंद्र महावर, पौत्र शोभाराम महावर ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महेंद्र ने एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक सहित कुल चार पदक अपने नाम किए। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन नेशनल ट्रायल के लिए किया गया है। महेंद्र की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गांव के खेल प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है।
वहीं इंडियन राउंड इवेंट में भी थांवला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विकास लामरोड़, पुत्र कुंदनमल लामरोड़, आयुष लांचओर और टीना कुमावत ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में टॉप-8 में स्थान हासिल किया। इसके साथ ही इन खिलाड़ियों ने सब-जूनियर नेशनल ट्रायल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को थांवला के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर तीरंदाजी जैसे खेल में युवा खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है। खिलाड़ियों की सफलता के बाद गांव में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों, परिजनों एवं ग्रामीणों ने सभी प्रतिभावान तीरंदाजों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब इन खिलाड़ियों की नजर आगामी नेशनल ट्रायल प्रतियोगिता पर है, जिसका आयोजन जयपुर के जगतपुरा में किया जाएगा। थांवला के खिलाड़ियों से खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वे राष्ट्रीय स्तर के ट्रायल में भी शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।
