✍️ मधुप्रकाश लड्ढा की कलम से , राजसमंद
दिनांक:15 नवंबर,2026
हल्दीघाटी में सुबह का धुंध छंटता है तो पहले पेड़ और पहाड़ दृष्टिगोचर होते हैं, फिर वे पुराने पत्थर जो जमीन में आधे धंसे आधे जागते से दिखाई देते हैं। कोई उन्हें देखकर नहीं रुकता। कोई उनसे कुछ नहीं पूछता, शायद यही उनकी सबसे बड़ी त्रासदी है कि जिस घाटी ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया हो, आज वही हल्दीघाटी, भविष्य में होने वाले कोलाहल से भयभीत है। वह आशंकित है उन वीर बांकुरों की नींद में पड़ने वाले खलल से, जो सदियों से उसकी गोद में चिरनिंद्रा में हैं।
सन् 1576 में यहां जो हुआ, वह इतिहास की किताबों में युद्ध कहलाता है। पर जिसने उस घाटी की उड़ती धूल में सांस ली है, वह जानता है कि वह युद्ध नहीं, एक प्रतिज्ञा थी। चेतक की वह छलांग, जिसने अपने प्राण देकर अपने स्वामी को बचाया। झाला मान, जिन्होंने राणा का वेश धरकर मौत को गले लगाया, ताकि मेवाड़ का सूर्य अस्त न हो। और घायल राणा प्रताप, जिनके शरीर से रक्त बह रहा था लेकिन उनका हौसला आसमान से भी ऊंचा था।
यह सब उसी संकरी घाटी में घटा। यहां प्रताप कि विशाल प्रतिमा कि क्या जरूरत है ? क्या प्रताप को किसी ऊंचाई की आवश्यकता है, जबकी उन्होंने तो स्वयं ही हर ऊंचाई को ठुकरा दिया था।
नींव की खुदाई, पहुंच मार्ग, बिजली की लाइनें और फिर पर्यटकों की भीड़। जिस मिट्टी पर वीरों का खून बिखरा, कल वह मौज-मस्ती का ठिकाना बन जाएगी। क्या यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी ? हल्दीघाटी की फिजाओं में फैली घोड़ों के टापों और खनकती तलवारों की गूंज क्या सैलानियों के शोर में दब जाएगी ? अगर हां, तो हम इतिहास की नजरों में सबसे बड़े दोषी होंगे।
चौराहों पर लगी विशाल आदमकद प्रतिमाएं ज्वलंत उदाहरण हैं। उद्घाटन के दिन फूल, बैंड, भाषण और फिर ? साल में दो बार सफाई। धूल, मिट्टी और पक्षियों की बीट, काई, टूटे पाथवे, बंद शौचालय। जिस स्मारक की देखभाल न हो सके, उसका होना न होने से बुरा है। यही देश के अधिकांश बड़े स्मारकों की कड़वी कहानी है।
हल्दीघाटी की गरिमा उसके खुलेपन में है, उसकी खामोशी में है। प्रतिमा के साथ ठेले, सेल्फ़ी पॉइंट, पार्किंग… यह सब मिलकर उसे पिकनिक स्पॉट बना देंगे। हल्दीघाटी को व्यावसायिक नहीं, श्रद्धा का केंद्र बनाना चाहिए।
जहां कभी मेवाड़ के वीर बांकुरों ने मुगलों के लिए मौत का तांडव रचा, वहां बेतरतीब गंदगी का आलम होगा। यह सोचकर ही मन चिंता से भर आता है। इसलिए जो भी हो, वह इतना सादगी पूर्ण हो कि वहां कि गरिमा खंडित न हो।
एक कम ऊंचाई का शिलालेख या पत्थर की एक दीवार, जिस पर उन शहीद सरदारों और सैनिकों के नाम भी दर्ज हों, जिन्हें इतिहास ने गिना ही नहीं। नाम-स्मरण सबसे सच्ची श्रद्धांजलि है। भूमि का स्वरूप बदले बिना, एक पगडंडी चिह्नित करें जो युद्ध-स्थल के मुख्य बिंदुओं से गुज़रे। बस इतना प्रयास पर्याप्त होगा।
भविष्य में शायद स्टेच्यू और संग्रहालय भी बनेगा ? जहां भी बने लेकिन एक ही बने। हल्दीघाटी के भीतर संग्रहालय का मतलब होगा पर्यटकों का दबाव घाटी के अंदर तक ले जाना। हल्दी घाटी कि शांति भंग हो इससे अच्छा है, संग्रहालय मुख्य सड़क या बाजार के समीप बने।
प्रताप की महिमा प्रतिमा की ऊंचाई में नहीं, वीर भूमि हल्दीघाटी में निहित है। जहां उन्होंने अपना सर्वस्व दांव पर लगाया था। हल्दीघाटी को सजाने की ज़रूरत नहीं। उसे छेड़े बिना, व्यवस्थित करके छोड़ देने की जरूरत है। क्योंकि कुछ जगहें बोलती नहीं, मौन रहती हैं। और हमें इस घाटी को मौन ही रहने देना चाहिए।
इ
