रियांबड़ी/नागौर। जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने मंगलवार को रियांबड़ी क्षेत्र के पादूखुर्द, सथाना कलां सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और उनके क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान जिला कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से बातचीत की और योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर प्लांट, फार्म पॉन्ड, पौधारोपण कार्य, लाइब्रेरी निर्माण, पेयजल योजनाओं सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया।
सथाना कलां में जिला कलेक्टर ने स्वयं वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने वन क्षेत्र का अवलोकन करते हुए पौधारोपण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कार्यों में अनियमितताएं एवं कमियां सामने आने पर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए।
इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, नालियों की समस्या तथा बिजली व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां जिला कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश देते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। वहीं डीएफयू प्लांट्स से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात भी कही।
निरीक्षण के दौरान रियांबड़ी उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया, विकास अधिकारी भंवरलाल सिंधारिया, तहसीलदार अशोक कुमार, सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी, पंचायत राज विभाग के सहायक अभियंता राकेश मेहरिया, कनिष्ठ अभियंता मुकेश यादव, वन रेंजर ममता जांगिड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
