संवाददाता : नितिन सिंह
थांवला।सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को थांवला पुलिस ने कस्बे के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया, जबकि कई बाइक सवार दूर से पुलिस की चेकिंग देखकर रास्ता बदलते नजर आए।

थांवला थानाधिकारी सीआई अशोक कुमार झांझड़िया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार यह कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
एएसआई सुरेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखने, बिना नंबर प्लेट, काले शीशों वाली गाड़ियों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर भी विशेष नजर रखी गई।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों से रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा दस्तावेज और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 20 वाहनों के चालान काटकर जुर्माना वसूला गया।
थांवला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की पालना न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि सुरक्षित जीवन की भी गारंटी है।
इस दौरान सीआई अशोक कुमार झांझड़िया, एएसआई सुरेंद्र कुमार मीणा सहित कांस्टेबल रामशरण, श्यामलाल, किशोरीलाल, भोमसिंह एवं बनवारीलाल मौजूद रहे।
