नागौर। मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पादूकलां थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नागौर श्री आशा राम चौधरी के निर्देश पर की गई। वहीं वृत्ताधिकारी डेगाना श्री अजितपाल के निकटतम सुपरविजन में पादूकलां थानाधिकारी श्री देवीलाल बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रकरण संख्या 209/2026 में अनुसंधान करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
अस्पताल में खड़ी बाइक लेकर हुआ था फरार
मामले के अनुसार 5 सितंबर 2026 को प्रार्थी सायर राम पुत्र कृष्णा, जाति मेघवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी खेड़ा धुणा, थाना पादूकलां ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि 28 अगस्त 2026 को उसकी बहन सरोज की डिलीवरी के दौरान वह करीब रात 8 बजे खाना देने के लिए रियांबड़ी अस्पताल गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर में खड़ी की थी।
करीब एक घंटे बाद जब वह वापस बाहर आया तो मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। आसपास तलाश करने और काफी प्रयास के बावजूद मोटरसाइकिल का पता नहीं चला। इसके बाद उसने पादूकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने आरोपी राकेश पुत्र मदनराम, जाति बावरी, उम्र 23 वर्ष, निवासी मेवड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से दो बिना नंबर की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस अब बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में पादूकलां पुलिस टीम के श्री श्रवण राम, श्री सुरेश एवं श्री विनोद की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
