नागौर जिले के थांवला कस्बे के बाईपास के निकट स्थित किड्स कॉर्नर चिल्ड्रन एकेडमी सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विशेष सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेशनल मेडलिस्ट खिलाड़ी भार्गवी सिंह चौधरी ने स्कूल के बच्चों को करीब एक घंटे तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया और उन्हें कराटे एवं ताइक्वांडो खेल की महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान भार्गवी सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में बच्चों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ आत्मरक्षा के गुर सीखना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में खुद का बचाव करने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनने के विभिन्न तरीकों के बारे में समझाया।

भार्गवी ने बच्चों को कराटे और ताइक्वांडो के बुनियादी नियमों, तकनीकों और इनके महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन करके भी दिखाया। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया और प्रशिक्षक द्वारा बताई गई तकनीकों को अभ्यास के माध्यम से सीखा। इस अवसर पर नेशनल खिलाड़ी भार्गवी सिंह चौधरी ने अपने खेल सफर के बारे में भी विद्यार्थियों से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नियमित अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
