थांवला थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूणी नदी क्षेत्र से एक जेसीबी मशीन को डिटेन करने के साथ मौके से एक बोलेरो गाड़ी जब्त की। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य वाहन चालक फरार हो गए।जिला पुलिस अधीक्षक नागौर आशा राम चौधरी के निर्देशन एवं डेगाना वृत्ताधिकारी अजीतपाल के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी उमराव जाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार 28 अगस्त की रात गश्त के दौरान टेहला क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि सरहद आलनियावास स्थित लूणी नदी क्षेत्र में जेसीबी की सहायता से अवैध रूप से बजरी का खनन किया जा रहा है तथा ट्रैक्टर-ट्रोलियों और डंपरों में बजरी भरी जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद अन्य वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर अपने वाहनों सहित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक जेसीबी मशीन को डिटेन कर थाने लाकर खड़ा करवाया तथा अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचना दी। वहीं मौके से एक बोलेरो गाड़ी को जब्त किया गया।पुलिस ने मौके से हेमाराम पुत्र शिवचन्द्र, जाति आचार्य, निवासी आलनियावास को गिरफ्तार किया। फरार हुए अन्य वाहन चालकों एवं वाहनों की तलाश की जा रही है।कार्रवाई में कांस्टेबल बनवारीलाल, श्यामलाल,रतिराम एवं प्रेमाराम का विशेष योगदान रहा।
