रियांबड़ी। संवाददाता/नितिन सिंह। रियांबड़ी उपखंड मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में नगरपालिका निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी निकाय चुनाव में संगठन को मजबूत करने और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में बेहतर चुनावी माहौल तैयार करने के उद्देश्य से भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए प्रत्येक वार्ड में संगठन को सक्रिय करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई।
भाजपा निकाय चुनाव प्रभारी शैलेन्द्र गुर्जर ने बैठक में बताया कि नगरपालिका क्षेत्र के सभी 20 वार्डों में वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। वार्ड अध्यक्षों को संबंधित वार्ड की मतदाता सूची उपलब्ध करवाकर घर-घर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत वार्ड अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।
बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अपने-अपने वार्ड में पुराने पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित करें। साथ ही स्थानीय स्तर पर पार्टी के पक्ष में मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क तैयार करते हुए अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क किया जाए। चुनाव प्रभारी ने आगामी निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को अधिक से अधिक मतों से विजयी बनाने और नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड गठित करने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। वार्ड स्तर पर मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने के साथ उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी समझने पर जोर दिया गया। बैठक में चुनाव को लेकर बूथ एवं वार्ड स्तर पर आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों को गति देने और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में भी आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर भाजपा निकाय चुनाव प्रभारी शैलेन्द्र गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष भंवरसिंह राठौड़, नटवरलाल सोनी, दीपेन्द्र सिंह, आशीष राजपुरोहित, कैलाश नागर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के साथ ही वार्ड स्तर पर चुनावी गतिविधियों को तेज करने की शुरुआत कर दी गई है।
