संवाददाता/ रक्षा चौहान
पादूकलां। कस्बे में जश्ने ईद मिलादुन्नबी एवं बारावफात का पर्व धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मदीना मस्जिद से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस रवाना होने से पहले मौलाना साबिर हुसैन, मौलाना अल्ताफ हुसैन, मौलाना राशिद हुसैन, मौलाना अब्दुल रहीम और मौलाना मुख्तियार सहित मौलानाओं का माला पहनाकर इस्तकबाल किया गया। इसके बाद उन्हें घोड़ी पर सवार कर जुलूस में शामिल किया गया।
जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। नात-ए-पाक और धार्मिक गीतों की गूंज के बीच लोगों ने उत्साह के साथ पर्व मनाया। जुलूस मदीना मस्जिद से रवाना होकर सदर बाजार, अजमेर रोड और मदरसा कुरैशी मोहल्ला होते हुए सार्वजनिक तालाब के किनारे स्थित हजरत पाल वाले बाबा की दरगाह पहुंचा। रास्ते में जगह-जगह आतिशबाजी कर खुशियां मनाई गईं।
दरगाह पर फातिहा खानी, देश में अमन की मांगी दुआ
दरगाह पहुंचने के बाद परंपरानुसार फातिहा खानी की गई और प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सौहार्द कायम रहने के साथ गांव-कस्बे की खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।

मदीना मस्जिद के मौलाना हाजी साबिर हुसैन ने कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी खुशी और रहमत का अवसर है। पादूकलां में परंपरा के अनुसार जुलूस निकाला गया और हजरत पाल वाले बाबा की दरगाह पर फातिहा खानी की गई। उन्होंने देश में अमन-चैन और भाईचारा कायम रहने तथा सभी के घरों में खुशहाली की दुआ की।
पुलिस जाप्ता रहा तैनात
जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। कमेटी की ओर से थानाधिकारी राजेश कुमार, सूचना अधिकारी गोविंद ताड़ा, एएसआई बन्नाराम, मांगीलाल, शिवरतन, हेड कांस्टेबल अकरम खान, श्रवणराम लालरिया, महिला कांस्टेबल संतोष, कांस्टेबल संजय और पृथ्वीराज दायमा सहित पुलिस जाप्ते का माला पहनाकर इस्तकबाल किया गया। पुलिस की मौजूदगी में जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
