थांवला। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थांवला में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो नए कक्षा-कक्ष मय बरामदा का निर्माण कराया जाएगा। करीब 17 लाख रुपए की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य का गुरुवार को पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। निर्माण कार्य शुरू होने से विद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है।
यह निर्माण कार्य डेगाना विधायक अजय सिंह किलक की अनुशंसा पर स्वीकृत हुआ है। जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष, डीएमएफटी कार्यालय नागौर की ओर से राजस्थान डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट नियम-2025 के तहत नागौर डीएमएफटी की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थांवला में दो कक्षा-कक्ष मय बरामदा निर्माण की स्वीकृति जारी की गई।
स्वीकृति मिलने के बाद गुरुवार को विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
विद्यालय में लंबे समय से कक्षा-कक्षों की कमी महसूस की जा रही थी। नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के बाद विद्यार्थियों को पर्याप्त एवं सुविधायुक्त अध्ययन स्थान मिल सकेगा। साथ ही अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध होने से अलग-अलग कक्षाओं के संचालन में भी सुविधा होगी और विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वीकृत राशि और निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
