नागौर जिले के थांवला कस्बे के विभिन्न विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। बाईपास के पास स्थित किड्स कॉर्नर चिल्ड्रन एकेडमी इंग्लिश मीडियम स्कूल, मंगलम स्कूल एवं कॉलेज, राजकीय विद्यालय, रघुकुल, बालोत्थान सहित कई निजी विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।

इस दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से गूंज उठे। किड्स कॉर्नर चिल्ड्रन एकेडमी में ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

प्रस्तुतियों के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
संचालक रामेश्वर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को सदैव याद रखना चाहिए तथा देश की प्रगति में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
