अजमेर। तीर्थराज पुष्कर को विकास की बड़ी सौगात मिली है। राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने ₹44.78 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए ₹1.40 करोड़ की लागत से निर्मित भव्य स्वागत द्वार ‘श्री ब्रह्म द्वार’ का लोकार्पण किया। इसके साथ ही ₹43.38 करोड़ की लागत से बनने वाले नवीन उप-जिला चिकित्सालय भवन का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि “आस्था का सम्मान, विकास को नई उड़ान देगा और पुष्कर के विकास को नए पंख लगेंगे।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार तीर्थराज पुष्कर को धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं की दृष्टि से लगातार सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
मंत्री रावत ने कहा कि पुष्कर केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में आस्था का प्रमुख केंद्र है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक यहां की धार्मिक गरिमा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ते हैं। ऐसे में पुष्कर की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि ₹1.40 करोड़ की लागत से निर्मित ‘श्री ब्रह्म द्वार’ केवल एक स्वागत द्वार नहीं, बल्कि पुष्कर की दिव्यता, सांस्कृतिक विरासत और गौरव का प्रतीक है। यह भव्य द्वार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत करेगा तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति देने में सहायक होगा।
वहीं ₹43.38 करोड़ की लागत से बनने वाले नवीन उप-जिला चिकित्सालय को क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए मंत्री ने कहा कि इससे पुष्कर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक जांच और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलने से लोगों को उपचार के लिए बार-बार अजमेर या अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
मंत्री रावत ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और ग्रामीण जीवन की कठिनाइयों को नजदीक से समझते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुष्कर में धार्मिक पर्यटन, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा तथा पुष्कर को एक आदर्श धार्मिक एवं पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में विकास कार्य जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में आचार्य मधुसूदन जी, भाजपा जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, निवर्तमान सभापति कमल पाठक, निवर्तमान उपसभापति शिव स्वरूप महर्षि, पुष्कर मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक, बूढ़ा पुष्कर मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंह, अशोक पाराशर, मोहन जी, माणक जी, समुद्र सिंह जी, अरुण वैष्णव, पुष्कर नारायण भाटी सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं बड़ी संख्या में पुष्करवासी उपस्थित रहे।
