थांवला कस्बे के मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आमजन को राहत देने के लिए ग्राम पंचायत थांवला ने सख्त कदम उठाया है। पंचायत द्वारा मुख्य बाजार मार्ग को “नो पार्किंग जोन” घोषित किए जाने के बाद अब पीली पट्टी के बीच वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत की ओर से पुलिस थाना थांवला को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि मुख्य बाजार में लगातार बढ़ती भीड़, सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहन तथा दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान रखने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत ने बाजार क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर पीली पट्टी अंकित कर स्पष्ट रूप से पार्किंग प्रतिबंधित क्षेत्र निर्धारित किया है। इसके बावजूद कई वाहन चालक पीली पट्टी के बीच अपने वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे जाम की स्थिति बन रही है और आम लोगों की आवाजाही बाधित हो रही है।

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित रूप से चालान और कानूनी कार्रवाई की जाए। पंचायत का कहना है कि यह कदम बाजार की यातायात व्यवस्था सुधारने और आमजन की सुविधा के लिए उठाया गया है। ग्राम पंचायत द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र में भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्य मार्ग पर पीली पट्टी के बीच का क्षेत्र नो पार्किंग जोन है तथा वहां वाहन खड़ा करने पर नियमानुसार चालान किया जा सकता है। पंचायत प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
